खेलद न्यूज़ स्टेट स्टोरीज़फ़ाइनेंसभारतमनोरंजनविज्ञान-टेक्नॉलॉजीविदेशसियासत

पीएम मोदी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की, खेल व अंतरिक्ष क्षेत्र में प्रगति की सराहना

मन की बात कार्यक्रम में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन, महिला वर्ल्ड कप विजय, स्पेस टेक्नोलॉजी, शहद उत्पादन और सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रहित से जुड़े अनेक विषयों पर चर्चा की, जिनमें कृषि क्षेत्र में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन, खेलों में हालिया उपलब्धियां, अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की ऊंची उड़ान, विंटर टूरिज्म, सांस्कृतिक विरासत तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ का महत्व प्रमुख रहे।

संविधान दिवस, वंदे भारत कार्यक्रम और अयोध्या में धर्मध्वजा का हुआ उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि नवंबर का महीना देश को कई प्रेरणाएं देता है। हाल ही में संसद के सेंट्रल हॉल में संविधान दिवस पर कार्यक्रम हुआ, वंदे भारत संबंधित आयोजनों का शुभारंभ किया गया और अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा फहराई गई, जो देश की संस्कृति और विरासत का प्रतीक है।

स्पेस सेक्टर व कृषि में ऐतिहासिक उपलब्धियां
पीएम मोदी ने बताया कि भारत के स्पेस इकोसिस्टम को हाल में स्काईरूट के इन्फिनिटी कैंपस से नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने चंद्रयान-2 की असफलता के बाद वैज्ञानिकों द्वारा चंद्रयान-3 की सफलता की कहानी लिखने के संकल्प को उदाहरण प्रस्तुत करते हुए युवाओं के जोश और वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना की।
इसके साथ ही उन्होंने कृषिक्षेत्र में 3.57 करोड़ टन खाद्यान्न के रिकॉर्ड उत्पादन को देश की बड़ी उपलब्धि बताया।

शहद उत्पादन ने बढ़ाई मिठास, मिला रोजगार
मन की बात में पीएम ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के सुलाई शहद को जीआई टैग मिलने के बाद इसकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है। दक्षिण कन्नड़ में ग्रामजन्य संस्था ने शहद उत्पादन को ब्रांड बनाकर किसानों तक लाभ पहुंचाया है।
आज भारत में शहद उत्पादन डेढ़ लाख मीट्रिक टन से अधिक हो चुका है, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिला है और किसानों की आय बढ़ी है।

इतिहास व विरासत—जामनगर के जामसाब को किया याद
प्रधानमंत्री ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जामनगर के राजा दिग्विजयसिंहजी द्वारा हजारों यहूदी बच्चों को शरण देकर बचाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की करुणा और शांति की संस्कृति का उदाहरण है।

नौसेना दिवस और आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली पर जोर
4 दिसंबर को मनाए जाने वाले नौसेना दिवस पर प्रधानमंत्री ने नौसेना के वीर जवानों को समर्पित सम्मान जताया। हाल में लॉन्च हुए INS माहे को आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता का मजबूत प्रतीक बताया।

विंटर टूरिज्म और एंड्युरेंस स्पोर्ट्स में नई चमक
उत्तरी भारत में विंटर टूरिज्म तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उत्तराखंड के आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित हाई एल्टीट्यूड मैराथन इसका ताजा उदाहरण है, जहां पर्यटकों की संख्या 2,000 से बढ़कर 30,000 तक पहुंच चुकी है।
पीएम ने कहा कि देश में हर महीने 1500 से अधिक एंड्युरेंस स्पोर्ट्स कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनसे युवाओं में फिटनेस संस्कृति मजबूत हो रही है।

खेलों में भारत का परचम—महिला टीमों की जीत पर बधाई

खेलों के क्षेत्र को प्रधानमंत्री ने ‘सुपरहिट’ बताते हुए महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम, बधिर ओलंपिक में मिले 20 पदक, कबड्डी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड बॉक्सिंग में 20 मेडल तथा ब्लाइंड महिला टीम की अपराजित वर्ल्ड कप जीत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “ये जीत हर भारतीय को प्रेरित करती रहेगी।”

‘वोकल फॉर लोकल’—घरेलू उत्पादों के प्रति राष्ट्र को किया जागरूक

पीएम मोदी ने देशवासियों से लोकल उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। जी-20 सम्मेलन में विदेशी नेताओं को भारतीय कला व कारीगरी से जुड़े उपहार देने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में भारतीय शिल्प की पहचान तेज़ी से बढ़ रही है। उन्होंने क्रिसमस सहित आने वाले त्योहारों पर भी स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों को सर्दी के मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी और कहा कि अगली बार नए विषयों पर चर्चा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button