इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में राजस्थान एआई पैवेलियन आकर्षण का केंद्र

Government of India द्वारा Bharat Mandapam, New Delhi में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा स्थापित राजस्थान एआई पैवेलियन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह शिखर सम्मेलन 20 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है।
“People, Planet and Progress” थीम पर आधारित इस वैश्विक सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता को भरोसेमंद, प्रभावी और समावेशी बनाने पर मंथन हो रहा है। राजस्थान एआई पैवेलियन में एआई के माध्यम से नागरिक-केंद्रित शासन, सतत विकास, अत्याधुनिक तकनीकी नवाचारों और राज्य के स्टार्टअप्स की प्रभावशाली प्रस्तुति की गई है।
मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के आयुक्त Himanshu Gupta ने पैवेलियन का दौरा किया, आगंतुकों से संवाद किया और स्टार्टअप से जुड़े युवा उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि पैवेलियन में लगभग 20 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें विभागीय योजनाओं, सरकारी पहलों और iStart से पंजीकृत एआई स्टार्टअप्स शामिल हैं। स्टार्टअप स्टॉल्स को रोटेशन के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नवोन्मेषी उद्यमों को अवसर मिल सके।
पैवेलियन में राजकिसान के माध्यम से एआई आधारित फसल स्वास्थ्य प्रबंधन, जन आधार प्लेटफॉर्म के जरिए डेटा-आधारित लक्षित डीबीटी, तथा SMART प्लेटफॉर्म के माध्यम से रीयल-टाइम योजना निगरानी के साथ 360-डिग्री नागरिक प्रोफाइलिंग को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा, राज GPT आधारित एआई निवेश सुविधा प्रणाली निवेशकों को प्रोत्साहन, भूमि प्रक्रिया और स्वीकृतियों से जुड़ी जानकारी प्रदान कर रही है।
इसके साथ ही, राजस्थान एआई/एमएल नीति 2026, राजस्थान डेटा सेंटर नीति और राजस्थान AVGC–XR नीति को भी प्रदर्शित किया गया है।
कुल मिलाकर, राजस्थान एआई पैवेलियन राज्य के एआई-आधारित दृष्टिकोण और भविष्य की कार्ययोजना को राष्ट्रीय व वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर रहा है, जिससे राजस्थान की प्रौद्योगिकी-आधारित शासन पहलों को नई गति मिल रही है।



