बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश, केकेआर को मिलेगा रिप्लेसमेंट का विकल्प

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आगाज़ से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज़ करने के निर्देश दिए हैं। हाल के घटनाक्रमों के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली के साथ टीम में शामिल किया था, जो उन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा बांग्लादेशी खिलाड़ी बनाता है। हालांकि, बांग्लादेश में हालिया अस्थिरता और उससे उपजे हालात के चलते उनके चयन को लेकर काफ़ी आलोचना हुई थी।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि बोर्ड ने फ्रेंचाइज़ी को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज़ करने के लिए कहा है। साथ ही, यदि केकेआर रिप्लेसमेंट के लिए अनुरोध करता है तो उसे विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। केकेआर ने इस सीज़न के लिए श्रीलंका के मैथीशा पथिराना के साथ मिलकर मुस्तफिजुर को डेथ ओवर स्पेशलिस्ट के रूप में तैयार करने की योजना बनाई थी।
मुस्तफिजुर रहमान अब तक 60 आईपीएल मैच खेल चुके हैं और 8.13 की इकॉनमी रेट के साथ 65 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है।
अब बीसीसीआई के इस निर्देश के बाद केकेआर को एक नए गेंदबाज़ की तलाश करनी होगी जो पथिराना के साथ मिलकर डेथ ओवरों की जिम्मेदारी संभाल सके।



