भारत

हृदय रोगों के प्रति जन-जागरूकता बेहद जरूरी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को चिंतामन गणेश मंदिर के समीप स्थित विद्या भवन में निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविरों की श्रृंखला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खान-पान के कारण हृदय संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। खासतौर पर कोविड-19 महामारी के बाद सभी आयु वर्गों में हार्ट अटैक के मामलों में चिंताजनक वृद्धि देखी गई है। ऐसे में निःशुल्क हृदय जांच शिविर एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत निरामय योजना के अंतर्गत पात्र नागरिकों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से हृदय से जुड़े सभी आवश्यक परीक्षण किए जाएंगे और वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श भी दिया जाएगा। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की बीमारी पाई जाती है तो तत्काल उपचार की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ी पूंजी है और हृदय रोगों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मालवा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा गंभीर मरीजों के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की गई है तथा प्रदेशभर में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की स्थापना की जा रही है। फिलहाल यह निःशुल्क हृदय रोग जांच अभियान उज्जैन में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जिसे आने वाले समय में पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि उज्जैन को शीघ्र ही एक मेडिकल कॉलेज मिलेगा तथा यहां मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना भी जल्द की जाएगी। सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ औद्योगिक विकास भी तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह अभियान आमजन की स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध होगा और उन्होंने लोगों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

अभियान के मुख्य समन्वयक सत्यानारायण खोइवाल ने बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है, जो 20 मार्च तक चलेगी। यह अभियान पूर्णिमाश्री सेवा संगठन द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान में एस.एन. कृष्णा हॉस्पिटल एवं अवंती हॉस्पिटल (उज्जैन), अमलतास हॉस्पिटल (देवास), अनंत हार्ट हॉस्पिटल (भोपाल), इंडेक्स मेडिकल कॉलेज, अरबिंदो मेडिकल कॉलेज और गोकुलदास हॉस्पिटल (इंदौर) सहित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, उज्जैन का विशेष सहयोग प्राप्त है।

अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जहां अनुभवी डॉक्टर हृदय रोग संबंधी परामर्श देंगे। शिविरों में ईसीजी, ईको, लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर जांच सहित अन्य आवश्यक परीक्षण, आयुष्मान कार्ड पंजीयन, सरकारी योजनाओं के तहत निःशुल्क इलाज व सर्जरी तथा एम्बुलेंस सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और मां सरस्वती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट बटन दबाकर अभियान का औपचारिक उद्घाटन किया। श्री विक्रम सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर इंदौर आयुर्वेद कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रजक्ता तोमर ने आयुर्वेद के माध्यम से हृदय रोगों के उपचार पर प्रस्तुति दी। उन्होंने हार्ट अटैक के लक्षणों, पंचकर्म चिकित्सा और दैनिक आहार में मोटे अनाज (मिलेट्स) को शामिल करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा तैयार पुस्तिका का विमोचन किया तथा शिविर में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों का सम्मान भी किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री परस जैन, श्री जगदीश अग्रवाल, श्री राजेंद्र भारती, श्री इकबाल सिंह गांधी, श्री राजेश धाकड़, श्री रवि सोलंकी, श्री बहादुर सिंह बोरा मुडला, श्री ओम जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button