भारत

वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सक्षम हैं भारतीय स्टार्टअप्स: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कहा है कि दुनिया विभिन्न क्षेत्रों में कई चुनौतियों का सामना कर रही है, लेकिन भारतीय स्टार्टअप्स में इन वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।

प्रधानमंत्री मोदी यह बात Emmanuel Macron की उपस्थिति में ताजमहल होटल के क्रिस्टल हॉल में आयोजित भारत–फ्रांस स्टार्टअप फोरम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस जून 2026 में फ्रांस में फिर से साथ आएंगे, जहां India Innovates 2026 कार्यक्रम के तहत जलवायु परिवर्तन, सुरक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे भारत के सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने बताया कि अटल इनोवेशन मिशन 24 फरवरी को अपने दस वर्ष पूरे करेगा। इस मिशन के तहत देशभर में 10,000 से अधिक टिंकरिंग लैब, 100 से अधिक इनक्यूबेटर और कई एडटेक स्टार्टअप्स के माध्यम से एक करोड़ से अधिक छात्र नवाचार से जुड़ चुके हैं। उन्होंने उद्यमियों से इस मिशन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स विकसित भारत की यात्रा के इंजन हैं और केंद्रीय बजट में भी स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा देने के लिए 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित की जाएंगी। एआई, क्वांटम टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में मिशन मोड में काम हो रहा है।

भारत–फ्रांस संबंधों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह साझेदारी केवल स्टार्टअप्स तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है। इसी दृष्टि से वर्ष 2026 को भारत–फ्रांस स्टार्टअप वर्ष घोषित किया गया है और द्विपक्षीय संबंधों को स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक पहुंचाया गया है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि आज कई वैश्विक कंपनियों के सीईओ भारतीय हैं, जो यह दर्शाता है कि भारत केवल भागीदार नहीं बल्कि वैश्विक स्टार्टअप नेतृत्वकर्ता है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और रक्षा, अंतरिक्ष तथा एयरोनॉटिक्स जैसे क्षेत्रों में भारत–फ्रांस सहयोग को भविष्य के लिए निर्णायक बताया।


 


 

Related Articles

Back to top button