भारत

योगी सरकार का मेगा पुश: यमुना एक्सप्रेसवे पर 65 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन

लखनऊ, जनवरी 2026।  यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र तेजी से सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और स्वास्थ्य सेक्टर के राष्ट्रीय हब के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उद्योग-अनुकूल नीतियों और त्वरित निर्णय प्रक्रिया के चलते हजारों करोड़ रुपये के निवेश आकर्षित हो रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

वर्ष 2025–26 में औद्योगिकीकरण को और गति देने के उद्देश्य से YEIDA ने कई ठोस और सकारात्मक कदम उठाए हैं। प्राधिकरण द्वारा 65 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं। बीते रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने YEIDA क्षेत्र में उद्योगों और एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए कई कंपनियों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए।

YEIDA की औद्योगिक योजना के तहत 28 औद्योगिक इकाइयों को 2.32 लाख वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। इन परियोजनाओं से लगभग ₹1,332 करोड़ के निवेश और 8,783 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं ई-नीलामी योजना के माध्यम से 37 औद्योगिक इकाइयों को एक लाख वर्ग मीटर भूमि दी गई है, जिससे लगभग ₹500 करोड़ का निवेश और 4,800 रोजगार अवसर सृजित होने का अनुमान है।

इसके अतिरिक्त, इन्वेस्ट यूपी और गवर्नेंस विभाग द्वारा जारी एलओसी (LOC) के माध्यम से नौ औद्योगिक इकाइयों को 18.77 लाख वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। इन इकाइयों से लगभग ₹21,128 करोड़ का निवेश आने और 18,044 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है।

बीते रविवार को मुख्यमंत्री ने चार प्रमुख कंपनियों को भूमि आवंटन पत्र सौंपे। इनमें इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड को 48 एकड़, सेक्टर-10 इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में एस्केंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड को 16 एकड़ और सेक्टर-08 में एंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को 100 एकड़ भूमि शामिल है। इन तीन परियोजनाओं के तहत ₹10,500 करोड़ से अधिक के निवेश का प्रस्ताव है, जिससे हजारों रोजगार अवसर सृजित होंगे। इससे सेमीकंडक्टर से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बल मिलेगा।

औद्योगिक विकास के साथ-साथ यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को सेक्टर-17ए में 20.50 एकड़ भूमि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए आवंटित की गई है। इस परियोजना में ₹532.18 करोड़ का निवेश किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी आवंटित परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाए, ताकि निवेश के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button