अयोध्या में राष्ट्रपति का भव्य स्वागत, मेयर ने सौंपी ‘नगर की चाबी’

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को राष्ट्रपति Droupadi Murmu के अयोध्या आगमन पर राम नगरी में भव्य स्वागत किया गया। यह अवसर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रहा। Maharishi Valmiki International Airport पर राज्यपाल Anandiben Patel और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya और Brajesh Pathak भी मौजूद रहे।
अयोध्या के मेयर Mahant Girish Pati Tripathi ने राष्ट्रपति का अभिनंदन करते हुए उन्हें ‘नगर की चाबी’ भेंट की। यह सम्मान किसी अतिथि को शहर द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च प्रतीकात्मक सम्मान माना जाता है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति का यह अयोध्या का दूसरा दौरा है।
एयरपोर्ट से Shri Ram Janmabhoomi Mandir तक राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर करीब 20 सांस्कृतिक मंच बनाए गए थे, जहां लगभग 250 कलाकारों ने रामायण आधारित प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण तैयार किया।
पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में सजे कलाकारों ने स्वागत गीत, भजन, अवधी और भोजपुरी लोकगायन व नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही रामलीला के अंश, झांकियां, ढोल-नगाड़े, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रमों ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
राष्ट्रपति के स्वागत में अयोध्यावासी भी सड़कों के किनारे खड़े नजर आए। लोगों ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया, जिसका राष्ट्रपति ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरी अयोध्या नगरी भक्ति, उत्साह और उल्लास के माहौल में सराबोर रही, जिससे शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की भव्य झलक देखने को मिली।



