मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में खिचड़ी मेला और महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर श्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित खिचड़ी मेला और आगामी गोरखपुर महोत्सव (11-13 जनवरी 2026) की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सहूलियत में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नववर्ष के पहले दिन भारी भीड़ आने की संभावना है, इसलिए इस अवसर को मेले की तैयारी का रिहर्सल मानकर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करनी होंगी।
उन्होंने महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक कलाओं को पर्याप्त अवसर देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। शेष कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने तथा महोत्सव के दौरान प्रत्येक सेक्टर में विकास, योजनाओं और उपलब्धियों पर गोष्ठी कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल क्षेत्र में नववर्ष के पहले दिन भारी भीड़ और यातायात के मद्देनज़र सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पार्किंग और सड़कों पर वाहन न खड़े होने देने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जनपद में सभी निर्माण परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और तेजी से पूरा करने, सुगम यातायात सुनिश्चित करने और विरासत गलियारे के कार्यों में तेजी लाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
विरासत गलियारे में प्रभावित दुकानदारों का व्यवस्थित पुनर्वास और शीतलहर में आमजन की सुविधा के लिए अलाव जलाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। बैठक में जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



