सियासत

अमित शाह का तंज: ‘राहुल बाबा अभी थकिए मत, बंगाल और तमिलनाडु भी हारना है’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की लगातार चुनावी हार का कारण जनता की भावनाओं और विकास की राजनीति को समझने में असफलता है। अहमदाबाद में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी के हालिया बयानों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस अभी भी उन मुद्दों से दूर खड़ी है जिन्हें देश की जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

अमित शाह ने तंज भरे अंदाज़ में कहा,
“राहुल बाबा अभी आप थकिए मत। हार से मत थकिए। बंगाल और तमिलनाडु में हारना ही है, नक्की कर के रखिए। 2029 में फिर एक बार पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनेगी।”

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विश्वास, संवेदनशील शासन और विकास के मुद्दों पर बार-बार जनता का भरोसा जीता है, जबकि कांग्रेस कानूनी पेचीदगियों और FIR जैसे मुद्दों पर उलझी रहती है, जो जनता के रोजमर्रा के सरोकारों से दूर हैं। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जनता के वास्तविक मुद्दों जैसे विकास, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जगह FIR और तकनीकी बहसों में अधिक रुचि लेते हैं।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने उन प्रमुख निर्णयों का हमेशा विरोध किया जिन्हें जनता का समर्थन मिला, जिनमें राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाना, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कदम शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस हर उस मुद्दे का विरोध करती है जिसका समर्थन जनता करती है, तो फिर उसे वोट कहां से मिलेंगे।

अपने संबोधन के अंत में शाह ने कहा कि राहुल गांधी को समझाने की उनकी “क्षमता नहीं है” और यहां तक कि उनके अपने सहयोगी भी उन्हें जमीनी हकीकत नहीं समझा पा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button