मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किए श्री बांके बिहारी मंदिर के दर्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को मथुरा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान बांके बिहारी के चरणों में शीश नवाया और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की निरंतर प्रगति और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सफलता के लिए कामना की। दर्शन के उपरांत मंदिर के पुजारियों द्वारा दोनों नेताओं को प्रसाद भेंट किया गया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पावन ब्रजभूमि पहुंचे नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की सराहना की।
मंदिर दर्शन के समय केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया एवं ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायक के आवास पहुंचकर जताया शोक
मंदिर दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मांट विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए, शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
Meta Description:
Chief Minister Yogi Adityanath and BJP National President Nitin Nabin offered prayers at Shri Banke Bihari Temple in Mathura, prayed for Uttar Pradesh’s prosperity and later visited MLA Rajesh Chaudhary’s residence to express condolences.



